फर्जी फैसलों का हवाला देना पेशेवर कदाचार हो सकता है, लेकिन इससे सही कानूनी आधार पर पारित आदेश अमान्य नहीं होगा: इलाहाबाद हाईकोर्ट
Amir Ahmad
24 Nov 2026 2:19 PM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि फर्जी न्यायिक फैसलों का हवाला देना पेशेवर कदाचार हो सकता है, लेकिन इससे कोई न्यायिक आदेश अमान्य नहीं हो जाता, यदि वह स्वतंत्र रूप से सही कानूनी सिद्धांतों पर आधारित हो और फर्जी फैसलों में बताए गए सिद्धांतों पर भरोसा करके पारित न किया गया हो।
जस्टिस अवनीश सक्सेना की पीठ ने कृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े एक लंबित मुकदमे में पहले पारित आदेश को वापस लेने की मांग वाली अर्जी खारिज करते हुए यह टिप्पणी की।
आदेश वापस लेने की मांग इस आधार पर की गई कि एक पक्ष की ओर से पेश वकील ने सुप्रीम कोर्ट के दो कथित फर्जी फैसलों का हवाला दिया। कोर्ट ने कहा कि पहले का आदेश सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) के उन प्रावधानों पर आधारित था, जो किसी देवता का प्रतिनिधित्व करने वाले नेक्स्ट फ्रेंड की नियुक्ति और उसे हटाने से संबंधित हैं। मामले का फैसला करते समय कथित फर्जी फैसलों पर विचार नहीं किया गया।
कोर्ट ने कहा,
“फर्जी फैसले का हवाला देना पेशेवर कदाचार हो सकता है, लेकिन इससे न्यायिक निर्णय अमान्य नहीं होता, यदि वह अन्यथा सही कानूनी सिद्धांतों पर आधारित हो और फर्जी फैसले से निकले सिद्धांतों पर आधारित न हो।”
दरअसल, वादी संख्या 2 से 5 ने अर्जी संख्या 132Ga2 दाखिल कर जस्टिस राम मनोहर नारायण मिश्रा द्वारा 26 सितंबर 2025 को पारित आदेश वापस लेने की मांग की। उस आदेश में वादी संख्या 1 यानी देवता भगवान श्रीकृष्ण लाला विराजमान के नेक्स्ट फ्रेंड के रूप में श्री कौशल किशोर ठाकुर जी उर्फ कौशल सिंह तोमर को हटाने की मांग वाली CPC की धारा 151 के तहत दाखिल अर्जी खारिज कर दी गई।
जस्टिस मिश्रा ने तब कहा कि नेक्स्ट फ्रेंड को हटाने के लिए अर्जी में दिए गए आधार पर्याप्त नहीं हैं। ऐसा करना एक गंभीर कदम है और इसकी अनुमति तभी दी जा सकती है, जब यह साबित हो कि नेक्स्ट फ्रेंड देवता के हितों के विरुद्ध काम कर रहा है।
अब आदेश वापस लेने की मांग करते हुए आवेदकों ने एकमात्र आधार यह बताया कि देवता की ओर से पेश वकील ने अदालत के सामने सुप्रीम कोर्ट के दो फर्जी फैसले रखे थे।
आवेदकों ने विशेष रूप से Order XXXII Rule 9 और CPC की धारा 151 के तहत उनकी अर्जी के जवाब के पैराग्राफ 21 और 24 का हवाला दिया, जिनमें कथित तौर पर इन दोनों फैसलों का उल्लेख और उनकी व्याख्या की गई। उनके वकील ने पहले के आदेश के पैराग्राफ 10 का भी संदर्भ दिया, जिसमें दर्ज था कि कोर्ट ने पक्षकारों की दलीलों पर विचार किया।
आवेदकों की ओर से दलील दी गई कि चूंकि आदेश फर्जी फैसलों के आधार पर पारित किया गया, इसलिए उसे वापस लेकर मामले पर नए सिरे से विचार किया जाना चाहिए। यह भी कहा गया कि धोखाधड़ी और न्याय साथ-साथ नहीं चल सकते, इसलिए फर्जी फैसलों पर आधारित आदेश को वापस लेना जरूरी है।
इसका विरोध करते हुए देवता की ओर से पेश वकील ने कहा कि पहले का आदेश पारित करते समय कोर्ट ने कथित फैसलों में बताए गए सिद्धांतों पर भरोसा नहीं किया। एक बार तय हो चुके मुद्दे को दोबारा उठाने से अनावश्यक विवाद पैदा होगा और न्यायिक कार्यवाही में देरी होगी।
हाईकोर्ट की टिप्पणी
अर्जी खारिज करते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि देवता की ओर से पेश वकील द्वारा उद्धृत दोनों फैसले पहले की कार्यवाही में दी गई दलीलों की पुनरावृत्ति मात्र थे।
कोर्ट ने पहले के आदेश का पैराग्राफ 8 भी दोहराया, जिसमें एक ही विषय-वस्तु को लेकर अलग-अलग वाद दायर करने वाले कई वादियों के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट के दो फैसलों का उल्लेख था। इसमें यह चर्चा की गई कि यदि वादियों के वाद के कारण और मांगी गई राहत अलग-अलग हों तो वे अलग-अलग मुकदमे दायर कर सकते हैं।
हालांकि, खंडपीठ ने पाया कि पहले का आदेश वास्तव में CPC के Order XXXII के Rules 1, 3, 3A, 4, 9 और 10 की व्याख्या पर आधारित है।
कोर्ट ने कहा कि पहले के आदेश के पैराग्राफ 11 से 17 की चर्चा स्पष्ट करती है कि न तो कथित फर्जी फैसलों और न ही उनमें बताए गए सिद्धांतों को आदेश पारित करते समय ध्यान में रखा गया।
इसलिए कोर्ट ने पाया कि 26 सितंबर 2025 के आदेश को वापस लेने के लिए वादी संख्या 2 से 5 द्वारा दिया गया आधार गलतफहमी पर आधारित और गुण-दोष से रहित है, क्योंकि पहले का निर्णय स्वतंत्र रूप से सही कानूनी सिद्धांतों पर आधारित था। इसके साथ ही आदेश वापस लेने की अर्जी खारिज कर दी गई।
हाईकोर्ट कृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े मूल वाद संख्या 7/2023 में दाखिल चार अर्जियों पर सुनवाई कर रहा था।
कोर्ट ने अन्य तीन अर्जियां भी खारिज कीं। इनमें 1968 में श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संघ और ट्रस्ट शाही मस्जिद ईदगाह के बीच हुए भूमि बंटवारे के समझौते को शून्य और अमान्य घोषित करने तथा मथुरा की अदालत द्वारा 1973 और 1974 में पारित दो डिक्री रद्द करने की मांग वाली अर्जी भी शामिल थी।
अर्जी संख्या 114Ka2 वादी संख्या 1 यानी भगवान श्रीकृष्ण लाला विराजमान की ओर से दाखिल की गई। इसमें ठाकुर केशव देव जी के प्रत्यक्ष वंशजों, जादौन वंश के सदस्यों और अन्य लोगों को मुकदमे में पक्षकार बनाने तथा श्री कौशल किशोर ठाकुर जी को देवता का प्रतिनिधित्व करने वाले नेक्स्ट फ्रेंड के रूप में मान्यता देने की मांग की गई।
हालांकि, कोर्ट ने पाया कि इन लोगों को पक्षकार बनाने का कोई उपयोगी उद्देश्य स्पष्ट नहीं किया गया, क्योंकि देवता का प्रतिनिधित्व पहले से ही एक नेक्स्ट फ्रेंड कर रहा है।
खंडपीठ ने कहा,
“कौशल किशोर ठाकुर जी पहले से ही वादी संख्या 1 के नेक्स्ट फ्रेंड के रूप में मुकदमे में उपस्थित हैं। ऐसे में ठाकुर केशव देव जी के प्रत्यक्ष वंशजों, जादौन वंश और अन्य लोगों को पक्षकार बनाने से क्या उपयोगी उद्देश्य पूरा होगा, यह स्पष्ट नहीं किया गया। मुकदमे में वादी देवता के हित, वाद का कारण और मांगी गई राहत ही विचार का विषय हैं। अर्जी या वकील की दलीलों में ऐसा कुछ नहीं है, जिससे यह पता चले कि अन्य वादियों को शामिल करने का क्या उपयोगी उद्देश्य होगा।”
चौथी अर्जी संख्या 56Ga2 में 1 अगस्त 2024 के आदेश में संशोधन की मांग की गई। उस आदेश में 15 संबंधित मुकदमों में CPC के Order VII Rule 11 के तहत दाखिल अर्जियां खारिज की गई थीं।
हाईकोर्ट ने कहा कि मांगे गए बदलाव न तो लिपिकीय या अंकगणितीय गलतियां हैं और न ही आकस्मिक चूक या भूल से हुई त्रुटियां। इसलिए इस अर्जी को भी खारिज कर दिया गया।

