वक्फ के पंजीकरण की तारीख से यह तय नहीं होता कि संपत्ति वक्फ कब बनी: इलाहाबाद हाईकोर्ट
Amir Ahmad
23 Nov 2026 11:12 AM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि वक्फ के पंजीकरण के लिए आवेदन जमा करने की तारीख और पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी होने की तारीख मात्र से यह तय नहीं किया जा सकता कि वक्फ की स्थापना कब हुई थी। वक्फ का निर्माण और उसका बाद में कराया गया पंजीकरण दो अलग-अलग बातें हैं। इसलिए पहले मौखिक समर्पण के जरिए वक्फ बनाए जाने के दावे को केवल इस आधार पर खारिज नहीं किया जा सकता कि पंजीकरण के लिए आवेदन निर्धारित तारीख के बाद किया गया था।
जस्टिस इरशाद अली ने यह टिप्पणी राज्य सरकार की ओर से दाखिल पुनर्विचार याचिका खारिज करते हुए की।
यह याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट के नियम, 1952 के अध्याय पांच के नियम 12 के तहत 20 अगस्त 2025 के फैसले के खिलाफ दाखिल की गई। उस फैसले में वर्ष 1997 की रिट याचिका स्वीकार करते हुए भूमि से संबंधित सीलिंग के आदेश रद्द कर दिए गए।
मामले में उत्तर प्रदेश भूमि जोत पर अधिकतम सीमा आरोपण अधिनियम, 1960 की धारा 6(एफ) के तहत छूट का दावा किया गया। इसके लिए यह आधार लिया गया कि भूमि 1 मई 1959 से पहले किसी सार्वजनिक धार्मिक या धर्मार्थ वक्फ के पास थी और उससे होने वाली आय का पूरा उपयोग धार्मिक या धर्मार्थ उद्देश्यों के लिए किया जाता था।
हाईकोर्ट ने कहा,
“पंजीकरण आवेदन जमा करने और पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी होने की तारीखें छूट के दावे की जांच करते समय प्रासंगिक हो सकती हैं। हालांकि, केवल इन तारीखों से यह आवश्यक रूप से साबित नहीं होता कि वक्फ स्वयं 1 मई 1959 के बाद अस्तित्व में आया।”
मामले के अनुसार, निर्धारित प्राधिकारी ने 31 दिसंबर 1974 के आदेश से श्री यावर हुसैन खान की 278 बीघा 16 बिस्वा 15 बिस्वांसी भूमि को अतिरिक्त भूमि घोषित किया था। इस आदेश के खिलाफ अपील सिविल जज, फैजाबाद ने 23 अप्रैल 1976 को खारिज की थी। इसके बाद अतिरिक्त भूमि का कब्जा लेने के लिए 20 दिसंबर 1996 और 16 जनवरी 1997 को नोटिस जारी किए गए।
पुनर्विचार के लिए चुनौती दिए गए फैसले में हाईकोर्ट ने कहा था कि अपील लंबित रहने के दौरान उत्तर प्रदेश भूमि जोत पर अधिकतम सीमा आरोपण (संशोधन) अधिनियम, 1976 लागू हो गया।
इसके परिणामस्वरूप लंबित कार्यवाही समाप्त हो गई थी और अतिरिक्त भूमि का नए सिरे से निर्धारण करने के लिए केवल दो वर्ष के भीतर नया नोटिस जारी किया जा सकता था। ऐसा कोई नोटिस जारी नहीं हुआ। इसलिए 1996 और 1997 के नोटिस अवैध और अधिकार क्षेत्र से बाहर थे। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने 8 अप्रैल 1997, 31 दिसंबर 1974 और 23 अप्रैल 1976 के आदेश रद्द कर दिए।
राज्य सरकार ने पुनर्विचार याचिका में दलील दी कि विपक्षी पक्ष वक्फ के लिए निर्धारित छूट साबित नहीं कर सका। वक्फ के पंजीकरण का आवेदन 22 नवंबर 1959 को दिया गया था, जबकि उत्तर प्रदेश मुस्लिम वक्फ अधिनियम, 1960 की धारा 29 के तहत पंजीकरण प्रमाणपत्र 23 मार्च 1973 को जारी हुआ था।
राज्य ने यह भी कहा कि निर्धारित प्राधिकारी ने 30 जून 1962 के आदेश से ग्राम पूरे लाल खान की भूमि के संबंध में वक्फ का दावा स्वीकार किया था, लेकिन बाकी गांवों की भूमि के लिए इसे अस्वीकार किया। इस अंतर पर अलग से विचार किया जाना जरूरी था।
विपक्षी पक्ष ने जवाब दिया कि राजा यासीन अली खान ने 1936 में मौखिक समर्पण के जरिए वक्फ बनाया था और उसकी आय धार्मिक एवं धर्मार्थ कार्यों में इस्तेमाल होती थी। निर्धारित प्राधिकारी ने भी 1962 में इस दावे को स्वीकार किया। इसलिए बाद में औपचारिक पंजीकरण होने के आधार पर पहले किए गए मौखिक समर्पण को नकारा नहीं जा सकता।
हाईकोर्ट ने कहा कि पुनर्विचार याचिका के जरिए राज्य सरकार वास्तव में वक्फ के निर्माण, अस्तित्व और पंजीकरण से जुड़े पूरे विवाद पर नए सिरे से फैसला चाहती है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि कथित समर्पण से जुड़े साक्ष्यों और संपत्ति की प्रकृति की जांच किए बिना केवल पंजीकरण आवेदन की तारीख के आधार पर पहले से अस्तित्व में रहे वक्फ के दावे को खारिज नहीं किया जा सकता। ऐसी जांच में साक्ष्यों का मूल्यांकन और वैधानिक प्रावधानों की व्याख्या शामिल होगी, जो पुनर्विचार के सीमित दायरे में नहीं आती, जब तक कि फैसले में कोई स्पष्ट त्रुटि न दिखाई जाए।
राज्य सरकार ने शिया सेंट्रल बोर्ड ऑफ वक्फ के फैसले पर भी भरोसा किया था। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि वह फैसला अपने अलग तथ्यों पर आधारित था। उसमें यह दलील ही नहीं दी गई थी कि भूमि 1 मई 1959 से पहले किसी सार्वजनिक धार्मिक या धर्मार्थ वक्फ के पास थी। साथ ही संबंधित अधिकारियों ने कथित मौखिक वक्फ के दावे को खारिज करने वाले निष्कर्ष दर्ज किए।
अदालत ने कहा कि उस फैसले को इस कठोर सिद्धांत के रूप में नहीं पढ़ा जा सकता कि पहले के मौखिक वक्फ का हर दावा केवल इसलिए विफल हो जाएगा, क्योंकि उसके पंजीकरण का आवेदन 1 मई 1959 के बाद दिया गया। कथित वक्फ की स्थापना से जुड़े तथ्य और साक्ष्य भी महत्वपूर्ण हैं।
अलग-अलग गांवों के संबंध में वक्फ के दावे पर अलग-अलग निर्णय दिए जाने की दलील पर हाईकोर्ट ने कहा कि इस अंतर का साक्ष्य की दृष्टि से महत्व हो सकता है, लेकिन इससे पहले के फैसले में कोई स्पष्ट त्रुटि
सामने नहीं आती। प्रत्येक गांव के संबंध में साक्ष्यों की पर्याप्तता का प्रश्न गुण-दोष के आधार पर तय किया जाना है। पुनर्विचार में तुलनात्मक रूप से नए सिरे से साक्ष्यों का मूल्यांकन नहीं किया जा सकता।
राज्य की इस दलील को भी अदालत ने स्वीकार नहीं किया कि सीलिंग अधिनियम विशेष कानून होने के कारण उत्तर प्रदेश मुस्लिम वक्फ अधिनियम, 1960 पर प्रभावी होगा।
हाईकोर्ट ने कहा,
“किसी अधिनियम को केवल विशेष कानून कह देने से दो वैधानिक अधिनियमों के बीच संबंध से जुड़े हर सवाल का अपने आप समाधान नहीं हो जाता।”
अदालत ने 1976 के संशोधन अधिनियम के पैराग्राफ 31(2) के संबंध में राज्य की दलीलें भी खारिज कर दीं। उसने कहा कि याचिकाकर्ता की ओर से किसी प्रावधान की अलग व्याख्या पेश करना अपने आप में फैसले में स्पष्ट त्रुटि साबित नहीं करता। 8 मई 1990 के सिविल कोर्ट के उस आदेश पर भी राज्य की आपत्ति स्वीकार नहीं की गई, जिसमें भूमि को वक्फ संपत्ति माना गया।
हाईकोर्ट ने कहा कि इस आदेश का पहले के फैसले में उल्लेख था और इसे किसी अदालत ने रद्द नहीं किया।
सीलिंग अधिनियम की धारा 13 के तहत वैधानिक अपील उपलब्ध होने की दलील पर अदालत ने कहा कि वैकल्पिक उपाय का सिद्धांत न्यायिक संयम से जुड़ा है, न कि हाईकोर्ट के अधिकार क्षेत्र को समाप्त करने से।
पुनर्विचार याचिका दाखिल करने में हुई देरी पर हाईकोर्ट ने कहा कि संस्थागत प्रक्रियाओं को ध्यान में रखा जा सकता है, लेकिन राज्य प्राधिकरण होने मात्र से किसी पक्ष को देरी माफ कराने का स्वतः अधिकार नहीं मिल जाता। प्रशासनिक पत्राचार को भी हर मामले में देरी का पर्याप्त कारण नहीं माना जा सकता।
अदालत ने अंत में कहा कि पुनर्विचार के किसी भी आधार से ऐसी त्रुटि सामने नहीं आई, जो फैसले को देखने मात्र से स्पष्ट हो जाए। यदि किसी मामले में दो दृष्टिकोण संभव हैं, तो केवल इस वजह से पुनर्विचार का अधिकार इस्तेमाल नहीं किया जा सकता कि आवेदक को दूसरा दृष्टिकोण अधिक उपयुक्त लगता है। फैसलों की अंतिमता को पुनर्विचार के नाम पर नए सिरे से बहस करके बाधित नहीं किया जा सकता।
इन्हीं टिप्पणियों के साथ हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी और 20 अगस्त 2025 के अपने फैसले को यथावत रखा।

