इलाहाबाद हाईकोर्ट ने केरल हाईकोर्ट की टिप्पणी से जताई सहमति, कहा- किशोर न्याय की उम्र 18 से घटाकर 16 वर्ष करने पर विचार कर सकती है विधायिका
Amir Ahmad
26 Nov 2026 4:06 PM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने केरल हाईकोर्ट की हालिया टिप्पणी का संज्ञान लेते हुए कहा कि विधायिका किशोर होने की आयु 18 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष करने पर विचार कर सकती है।
जस्टिस अब्दुल शाहिद की पीठ ने यह टिप्पणी डकैती और हत्या के मामले में जमानत की दूसरी अर्जी खारिज किए जाने के खिलाफ एक किशोर की अपील खारिज करते हुए की।
बता दें, किशोर न्याय बोर्ड (JJB) ने घटना के समय अपीलकर्ता की उम्र 17 वर्ष, 6 महीने और 20 दिन निर्धारित की थी। उस पर IPC की धारा 396 के तहत डकैती के दौरान हत्या करने का आरोप था।
हाईकोर्ट ने कहा,
“16 वर्ष की आयु तक पहुंचने पर बच्चों में पर्याप्त परिपक्वता आ जाने के संबंध में केरल हाईकोर्ट की उपरोक्त टिप्पणियों को ध्यान में रखते हुए विधायिका इस पहलू पर उचित रूप से विचार कर सकती है।”
जस्टिस शाहिद ने केरल हाईकोर्ट के 13 नवंबर 2026 के फैसले विनोद विक्रमन पिल्लई बनाम केरल राज्य एवं अन्य का उल्लेख किया। उस मामले में जस्टिस ए. बदरुद्दीन ने टिप्पणी की थी कि मौजूदा परिस्थितियों में 16 वर्ष की उम्र तक बच्चों में पर्याप्त परिपक्वता आने के रुझान को देखते हुए कानून बनाने वाली संस्थाओं के लिए किशोरों और कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों से संबंधित कानूनों में संशोधन कर आयु सीमा 16 वर्ष करने पर विचार करने का समय आ गया।
मामले की पृष्ठभूमि
इलाहाबाद हाईकोर्ट किशोर न्याय (बच्चों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 101(5) के तहत दायर अपील पर सुनवाई कर रहा था। इसमें बागपत के एडिशनल जिला एवं सेशंस जज/स्पेशल जज (POCSO) द्वारा 5 मई 2026 को पारित उस आदेश को चुनौती दी गई, जिसमें 2022 के एक मामले में किशोर की जमानत की दूसरी अर्जी खारिज की गई।
अभियोजन पक्ष के अनुसार मामले में डकैती और शुभम उर्फ मृगेंद्र की हत्या के आरोप है।
अपीलकर्ता के वकील ने हाईकोर्ट में दलील दी कि किशोर को झूठा फंसाया गया और FIR या CrPC की धारा 161 के तहत दर्ज बयानों में उसकी कोई विशिष्ट भूमिका नहीं बताई गई। यह भी कहा गया कि उसके कब्जे से कोई बरामदगी नहीं हुई और उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
वकील ने यह भी आरोप लगाया कि किशोर होने के बावजूद अपीलकर्ता को लगभग साढ़े चार साल तक नियमित जेल में रखा गया, जो किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत है। इस संबंध में अधिनियम की धारा 10 का हवाला दिया गया, जो कानून का उल्लंघन करने के आरोपी बच्चे को पुलिस लॉकअप या जेल में रखने पर रोक लगाती है। साथ ही धारा 12(3) का उल्लेख किया गया, जिसके तहत जमानत न मिलने पर बच्चे को निरीक्षण गृह या सुरक्षित स्थान पर भेजे जाने का प्रावधान है।
अपील का विरोध करते हुए शिकायतकर्ता के वकील ने कहा कि अपराध के समय अपीलकर्ता की उम्र लगभग साढ़े 17 वर्ष थी और अब वह 21 वर्ष से अधिक का हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि अभियोजन पक्ष के साक्ष्य पूरे हो चुके हैं और मुकदमा अंतिम चरण में है।
हाईकोर्ट की टिप्पणियां
हाईकोर्ट ने शुरुआत में कहा कि अपीलकर्ता की हिरासत की अवधि और स्थान से जुड़ी दलीलें पूरी तरह नई हैं। जमानत की दूसरी अर्जी पर विचार करते समय ये दलीलें बाल न्यायालय के समक्ष न तो उठाई गई थीं और न ही उन पर बहस हुई।
कोर्ट ने कहा कि हिरासत की वास्तविक अवधि और विशेष रूप से यह तथ्य कि अपीलकर्ता को निरीक्षण गृह के बजाय नियमित जेल में कब और क्यों रखा गया, पहले ट्रायल कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किए जाने चाहिए।
हाईकोर्ट ने दिसंबर 2024 के अपने पहले के आदेश का भी उल्लेख किया, जिसमें दर्ज किया गया था कि किशोर 27 जुलाई 2022 से किशोर गृह में रह रहा था।
कोर्ट ने कहा कि अपीलकर्ता ने इस टिप्पणी पर उस समय न तो आपत्ति जताई और न ही ट्रायल कोर्ट या पहले दायर आपराधिक पुनरीक्षण में इसे चुनौती दी। इसलिए मौजूदा अपील में कोर्ट ने अवैध हिरासत या मुआवजे के दावे पर गुण-दोष के आधार पर कोई फैसला नहीं दिया।
जमानत के सवाल पर हाईकोर्ट ने बताया कि किशोर न्याय बोर्ड ने 7 जुलाई 2023 को अपीलकर्ता की पहली जमानत अर्जी खारिज की थी। इसके खिलाफ अपील भी 29 नवंबर 2023 को खारिज हो गई।
इस आदेश को चुनौती देने वाली आपराधिक पुनरीक्षण याचिका हाईकोर्ट ने 2 दिसंबर 2024 को खारिज की थी।
चाइल्ड कोर्ट ने 5 मई 2026 को जमानत की दूसरी अर्जी खारिज करते हुए कहा कि जमानत देने के लिए कोई नया आधार सामने नहीं आया है।
कोर्ट ने आरोपों की गंभीरता को भी ध्यान में रखा था, जिनमें हत्या के इरादे से डकैती और हत्या शामिल थे।
हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की आदेश-पत्रिका की प्रमाणित प्रति भी रिकॉर्ड पर ली। इससे पता चला कि अभियोजन पक्ष के सभी साक्ष्य पूरे हो चुके हैं और 17 नवंबर 2026 को आरोपी का बयान CrPC की धारा 313 के तहत दर्ज करने के लिए मामला निर्धारित है।
हाईकोर्ट ने कहा कि अपीलकर्ता की जमानत पर रिहाई के लिए कोई नया आधार पेश नहीं किया गया। मुकदमा लगभग पूरा हो चुका है और फैसला सुनाए जाने के करीब है। ऐसे में जमानत की दूसरी अर्जी खारिज करने वाले आदेश में कोई अवैधता या अनियमितता नहीं है।
इसी आधार पर हाईकोर्ट ने किशोर की आपराधिक अपील खारिज की।

