बीमा कंपनी की अपील में भी बढ़ाया जा सकता है मोटर दुर्घटना मुआवजा, दावेदारों की क्रॉस-अपील जरूरी नहीं: इलाहाबाद हाईकोर्ट
Amir Ahmad
23 Nov 2026 4:45 PM IST

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) के मुआवजा आदेश के खिलाफ बीमा कंपनी की अपील पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट मुआवजे की राशि बढ़ा सकता है, भले ही दावेदारों ने मुआवजा बढ़ाने के लिए अलग से अपील या क्रॉस-ऑब्जेक्शन दाखिल न किया हो।
जस्टिस प्रशांत कुमार ने कहा कि एक बार अपील में मुआवजे की राशि का सवाल अदालत के सामने आ जाता है तो उसे यह जांचना होगा कि अधिकरण द्वारा दिया गया मुआवजा न्यायसंगत है या नहीं। यदि मुआवजा अपर्याप्त पाया जाता है तो अदालत उसे बढ़ाने के लिए बाध्य है।
कोर्ट ने कहा कि मुआवजा बढ़ाने पर कोई कानूनी रोक नहीं है। कानून का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दावेदारों को लागू वैधानिक प्रावधानों और स्थापित कानूनी सिद्धांतों के अनुसार न्यायसंगत मुआवजा मिले। यदि अधिकरण द्वारा निर्धारित राशि अपर्याप्त हो या कानून और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के अनुरूप न हो तो अपीलीय अदालत उसे बढ़ा सकती है। यह अधिकार दावेदारों की अपील या क्रॉस-ऑब्जेक्शन के अभाव में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
मामले में 25 मई, 2019 को सुरेश चंद्र मिश्रा अपनी मोटरसाइकिल से विजया बैंक के पास जा रहे थे। इसी दौरान तेज और लापरवाही से चलाई जा रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिला अस्पताल, बहराइच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मां, पत्नी और चार बच्चों सहित छह दावेदारों ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, बहराइच के समक्ष 42,70,000 रुपये मुआवजे की मांग की। अधिकरण ने 25 सितंबर, 2023 को 7 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ 20,95,000 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया।
बीमा कंपनी ने हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर तर्क दिया कि FIR में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज नहीं था और मुआवजा हासिल करने के लिए बाद में वाहन को मामले में शामिल किया गया।
कंपनी ने यह भी कहा कि मृतक की दैनिक अनुमानित आय 400 रुपये बिना किसी दस्तावेजी प्रमाण के तय की गई। इसके अलावा, दावा याचिका में मृतक की उम्र 49 वर्ष बताई गई, इसलिए सरला वर्मा बनाम दिल्ली परिवहन निगम के फैसले के अनुसार गुणक (मल्टीप्लायर) 15 के बजाय 13 होना चाहिए था।
हाईकोर्ट ने CBI बनाम तपन कुमार सिंह, कुंचम लावण्या बनाम बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड और सितारा एन.एस. बनाम साई राम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के फैसलों पर भरोसा करते हुए FIR में वाहन का नंबर न होने संबंधी दलील खारिज की।
कोर्ट ने कहा कि FIR को घटनाक्रम का संपूर्ण विवरण नहीं माना जा सकता। शुरुआती स्तर पर किसी तथ्य का उल्लेख न होना दावा याचिका खारिज करने का आधार नहीं हो सकता। बीमा कंपनी इस आधार पर अपनी देनदारी से बच नहीं सकती।
कोर्ट ने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 169 में दावा अधिकरण के समक्ष अपनाई जाने वाली प्रक्रिया दी गई, लेकिन अधिनियम या उत्तर प्रदेश मोटर वाहन नियम, 1998 में धारा 173 के तहत हाईकोर्ट में अपील की प्रक्रिया निर्धारित नहीं है। सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) की धारा 107(2) को पढ़ने पर स्पष्ट है कि अपीलीय अदालत की शक्तियां और कर्तव्य सिविल कोर्ट के समान हैं, जब तक संबंधित कानून में इसके विपरीत कोई प्रावधान न हो।
अपील मूल कार्यवाही की निरंतरता होती है और बीमा कंपनी की अपील में भी पूरा विवाद अपीलीय अदालत के सामने विचाराधीन होता है।
कोर्ट ने कहा कि CPC के आदेश 41 नियम 33 के तहत अपीलीय अदालत ऐसा आदेश या डिक्री पारित कर सकती है, जो मामले में पारित किया जाना चाहिए। यह शक्ति ऐसे प्रतिवादी के पक्ष में भी इस्तेमाल की जा सकती है, जिसने खुद अपील या आपत्ति दाखिल नहीं की हो।
महंत धंगीर बनाम मदन मोहन और प्रह्लाद बनाम महाराष्ट्र राज्य के फैसलों का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि इस शक्ति पर मुख्य रूप से दो शर्तें लागू होती हैं—निचली अदालत के समक्ष रहे पक्षकार अपीलीय अदालत के सामने भी हों और जिस सवाल पर आदेश दिया जा रहा है, वह अपील के तहत आए फैसले से संबंधित हो।
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों की पीठ के फैसले सुरेखा बनाम संतोष का भी उल्लेख किया। उस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस फैसले को रद्द किया था, जिसमें केवल इस आधार पर मुआवजा बढ़ाने से इनकार कर दिया गया था कि दावेदारों ने क्रॉस-अपील दाखिल नहीं की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि मोटर दुर्घटना मुआवजे के मामलों में अत्यधिक तकनीकी दृष्टिकोण नहीं अपनाया जाना चाहिए। इसी तरह द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड बनाम सरदार सिंह मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें दावेदारों की क्रॉस-ऑब्जेक्शन के बिना बीमा कंपनी की अपील में मुआवजा बढ़ाया गया।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब अपील में मुआवजा आदेश की वैधता और पर्याप्तता पर विचार हो रहा हो तो दावेदारों द्वारा मुआवजा बढ़ाने का मुद्दा अलग से न उठाए जाने के बावजूद अदालत को यह जांचना होगा कि मुआवजा वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप है या नहीं। कमी पाए जाने पर दावेदारों को न्यायसंगत मुआवजा दिलाने के लिए राशि बढ़ाना अदालत का दायित्व है।
मृतक की उम्र और गुणक के सवाल पर हाईकोर्ट ने अधिकरण के निष्कर्ष को सही माना।
कोर्ट ने कहा कि किसी अन्य दस्तावेज के अभाव में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज उम्र को आधार बनाया जाना उचित था।
सुनीता बनाम विनोद सिंह मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज उम्र को उम्र का वैज्ञानिक आकलन माना था। इस आधार पर मृतक की उम्र 40 वर्ष मानी गई और 15 का गुणक सही पाया गया। अधिक आय का विश्वसनीय प्रमाण न होने के कारण 400 रुपये प्रतिदिन की अनुमानित आय को भी बरकरार रखा गया।
हालांकि, दावेदारों की आपत्तियों पर कोर्ट ने पाया कि भविष्य की संभावनाओं (फ्यूचर प्रॉस्पेक्ट्स) के लिए 25 प्रतिशत के बजाय 30 प्रतिशत की वृद्धि दी जानी चाहिए थी। उत्तर प्रदेश मोटर वाहन नियम, 1998 के नियम 220A(3) के अनुसार 40 से 50 वर्ष की आयु के मृतक के मामले में 30 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है।
कोर्ट ने न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड बनाम उर्मिला शुक्ला के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि अधिक लाभ देने वाला वैधानिक प्रावधान लागू होगा, भले ही प्रणय सेठी के फैसले में अलग प्रतिशत निर्धारित किया गया हो।
कोर्ट ने प्रणय सेठी के फैसले के अनुसार हर तीन साल में 10 प्रतिशत की वृद्धि लागू करते हुए संपत्ति की हानि और अंतिम संस्कार के खर्च की राशि 15,000 रुपये से बढ़ाकर 18,150 रुपये प्रत्येक की। इसी तरह जीवनसाथी के साथ संबंध-विच्छेद के मुआवजे (कंसोर्टियम) को 40,000 रुपये से बढ़ाकर 48,400 रुपये किया गया।
मैग्मा जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड बनाम नानू राम के फैसले के अनुसार कोर्ट ने कहा कि कंसोर्टियम की राशि प्रत्येक दावेदार को अलग-अलग मिलनी चाहिए। इस आधार पर मां को संतान के निधन पर मिलने वाला कंसोर्टियम, पत्नी को वैवाहिक कंसोर्टियम और चारों बच्चों को माता-पिता के स्नेह एवं साथ से वंचित होने पर मिलने वाला कंसोर्टियम दिया गया। इस प्रकार छहों दावेदारों में से प्रत्येक को 48,400 रुपये देने का निर्देश दिया गया।
इन संशोधनों के बाद हाईकोर्ट ने कुल मुआवजा 20,95,000 रुपये से बढ़ाकर 24,32,700 रुपये कर दिया। इस राशि पर 7 प्रतिशत सालाना ब्याज भी मिलेगा। कोर्ट ने अपील का निस्तारण करते हुए अधिकरण को पहले से भुगतान की गई किसी भी राशि का समायोजन करने और शेष मुआवजा सीधे दावेदारों के बैंक खातों में जमा कराने का निर्देश दिया।

