ट्रायल शुरू होने के बाद लिखित बयान में अतिरिक्त बचाव जोड़ने की अनुमति तभी, जब उचित सावधानी के बावजूद पहले ऐसा करना संभव न रहा हो: इलाहाबाद हाईकोर्ट

  • ट्रायल शुरू होने के बाद लिखित बयान में अतिरिक्त बचाव जोड़ने की अनुमति तभी, जब उचित सावधानी के बावजूद पहले ऐसा करना संभव न रहा हो: इलाहाबाद हाईकोर्ट

    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि लिखित बयान में संशोधन की अनुमति देने के मामले में सामान्यतः अपनाया जाने वाला उदार दृष्टिकोण सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) के आदेश 6 नियम 17 के परंतुक के तहत उचित सावधानी (ड्यू डिलिजेंस) की अनिवार्यता को समाप्त नहीं करता।

    जस्टिस डॉ. योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रायल शुरू होने के बाद लिखित बयान में संशोधन पर रोक है, जब तक अदालत इस निष्कर्ष पर न पहुंचे कि पक्षकार उचित सावधानी बरतने के बावजूद संबंधित तथ्य पहले नहीं उठा सकता। प्रस्तावित बचाव की प्रासंगिकता या दूसरे पक्ष को कोई नुकसान न होने का तर्क इस वैधानिक शर्त का विकल्प नहीं हो सकता।

    कोर्ट ने कहा कि ट्रायल शुरू होने के बाद प्रस्तावित संशोधन का महत्व, दूसरे पक्ष को नुकसान न होना या उसमें एक अतिरिक्त बचाव शामिल होना, अपने आप में संशोधन की अनुमति देने का आधार नहीं हो सकता। आवेदनकर्ता को स्वतंत्र रूप से अदालत को संतुष्ट करना होगा कि उचित सावधानी बरतने के बावजूद वह ट्रायल शुरू होने से पहले संबंधित तथ्य नहीं उठा सकता था।

    मामले में प्रतिवादी ने 10 जनवरी, 2020 को कानपुर नगर के लघुवाद न्यायालय में SCC वाद संख्या 12/2020 दायर किया। इसमें याचिकाकर्ता को किराए के परिसर से बेदखल करने, बकाया किराया और हर्जाना दिलाने की मांग की गई। प्रतिवादी ने 10 नवंबर, 2010 को सत्यवती त्रिपाठी द्वारा निष्पादित वसीयत के आधार पर संपत्ति पर अपना स्वामित्व जताया था। याचिकाकर्ता ने 18 फरवरी, 2021 को दाखिल लिखित बयान में प्रतिवादी के स्वामित्व और मकान मालिक होने के दावे का विरोध किया।

    जब मुकदमा अंतिम बहस के चरण में पहुंच गया, तब याचिकाकर्ता ने 15 सितंबर, 2025 को लिखित बयान में कुछ अतिरिक्त पैराग्राफ जोड़ने के लिए आवेदन किया।

    प्रस्तावित संशोधन में कहा गया कि मुकदमा दायर होने से पहले ही प्रतिवादी और कृष्णा त्रिपाठी के बीच संपत्ति का बंटवारा हो चुका था। यह बंटवारा कानपुर नगर निगम के 7 सितंबर, 2019 के संकल्प संख्या 121 के तहत हुआ था, जिसके अनुसार कृष्णा त्रिपाठी के हिस्से में अलग मकान नंबर 92-A आवंटित किया गया।

    याचिकाकर्ता का तर्क था कि इस बंटवारे के कारण किरायेदारी भी विभाजित हो गई थी और कृष्णा त्रिपाठी को पक्षकार बनाए बिना मुकदमा चलाना संभव नहीं था। उसने दावा किया कि उसे इस बंटवारे की जानकारी अगस्त 2025 के अंतिम सप्ताह में ही मिली।

    ट्रायल कोर्ट ने 20 नवंबर, 2025 को आवेदन खारिज किया। कोर्ट ने कहा कि जिस बंटवारे पर भरोसा किया जा रहा है, उससे जुड़ी परिस्थितियां मुकदमा दायर होने से पहले की थीं। इसके बाद दाखिल पुनरीक्षण याचिका भी 7 अक्टूबर, 2026 को खारिज की गई। इसके खिलाफ याचिकाकर्ता ने संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत हाईकोर्ट का रुख किया।

    हाईकोर्ट ने पाया कि संशोधन आवेदन में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि याचिकाकर्ता को कथित जानकारी कैसे मिली और उसने पहले संबंधित तथ्यों का पता लगाने के लिए क्या प्रयास किए।

    कोर्ट ने कहा कि बाद में जानकारी मिलने का केवल दावा करना पर्याप्त नहीं है। आवेदनकर्ता को संतोषजनक स्पष्टीकरण देना होगा कि उचित सावधानी बरतने के बावजूद वह संबंधित तथ्य पहले क्यों नहीं उठा सका। ऐसा स्पष्टीकरण दिए बिना वैधानिक शर्त पूरी नहीं मानी जा सकती।

    याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि निचली अदालतों ने ए.के. गुप्ता एंड संस लिमिटेड बनाम दामोदर वैली कॉर्पोरेशन के फैसले को गलत समझा।

    उसने कहा कि उस मामले में वादी को वादपत्र में एक अतिरिक्त राहत जोड़ने की अनुमति देने का सवाल था, जबकि मौजूदा मामले में प्रतिवादी अपने लिखित बयान में अतिरिक्त बचाव जोड़ना चाहता था।

    हाईकोर्ट ने कहा कि दोनों स्थितियों के बीच यह अंतर उचित सावधानी की वैधानिक अनिवार्यता को समाप्त नहीं करता।

    इस आधार पर हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसकी टिप्पणियां केवल संशोधन की अनुमति दिए जाने के सवाल तक सीमित हैं। संपत्ति के स्वामित्व, बंटवारे या मकान मालिक-किरायेदार के संबंध को लेकर दोनों पक्षों के दावों पर कोई राय व्यक्त नहीं की गई।

    कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को मुकदमे का निस्तारण यथासंभव तीन महीने के भीतर करने का निर्देश दिया।

    अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story