जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट्स पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, पत्रकार सौरव दास और AAP नेता गोपाल राय को नोटिस

Praveen Mishra

22 May 2026 12:09 PM IST

  • जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट्स पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, पत्रकार सौरव दास और AAP नेता गोपाल राय को नोटिस

    दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पत्रकार सौरव दास और AAP नेता गोपाल राय को नोटिस जारी किया। यह नोटिस उस याचिका पर जारी हुआ है जिसमें जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अवमाननापूर्ण पोस्ट साझा करने का आरोप लगाया गया है।

    जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रविंद्र दुडेजा की खंडपीठ ने मामले को पहले से लंबित स्वतः संज्ञान आपराधिक अवमानना मामले के साथ जोड़ते हुए 4 अगस्त को सुनवाई तय की है। अदालत ने रजिस्ट्री को याचिका में शामिल सोशल मीडिया सामग्री सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया।

    याचिका में आरोप लगाया गया है कि आबकारी नीति मामले में जस्टिस शर्मा के समक्ष दायर रिक्यूजल आवेदन की सुनवाई के दौरान AAP नेताओं और पत्रकार ने X (पूर्व ट्विटर) पर एक “सुनियोजित अभियान” चलाया और जज के खिलाफ निराधार व अपमानजनक आरोप लगाए।

    याचिकाकर्ता अशोक चैतन्य ने दावा किया कि इन पोस्ट्स के जरिए जस्टिस शर्मा पर पक्षपात और हितों के टकराव के आरोप लगाए गए, जिससे न्यायपालिका की छवि को नुकसान पहुंचा और लोगों का भरोसा प्रभावित हुआ।

    गौरतलब है कि इससे पहले हाईकोर्ट अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, दुर्गेश पाठक और अन्य AAP नेताओं को भी इसी मामले में आपराधिक अवमानना नोटिस जारी कर चुका है।

    Praveen Mishra

    Praveen Mishra

    प्रवीण मिश्रा Law Graduate हैं और लाइव लॉ हिंदी से जुड़े हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों और अन्य न्यायिक मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों एवं कानूनी घटनाक्रमों पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य जटिल कानूनी विषयों और न्यायिक निर्णयों को सरल, सटीक और तथ्यपरक भाषा में हिंदी पाठकों तक पहुंचाना है।

    Next Story