इंस्टाग्राम ने हटाई सुप्रीम कोर्ट में ECI के हलफनामे पर बनी 'लाइवलॉ' की रील
Shahadat
27 Oct 2026 8:35 PM IST

इंस्टाग्राम ने भारतीय यूजर्स के लिए 'लाइवलॉ' (LiveLaw) के आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट की गई रील को ब्लॉक कर दिया। इस रील में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे के जरिए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) का पक्ष बताया गया था। इंस्टाग्राम का कहना है कि उसे इस कंटेंट को प्रतिबंधित करने के लिए एक कानूनी अनुरोध (लीगल रिक्वेस्ट) मिला था।
प्लेटफ़ॉर्म ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी कि यह रील किस कानून का उल्लंघन करती है, या उस कानूनी अनुरोध की प्रकृति क्या थी जिसके कारण इसे हटाया गया।
इंस्टाग्राम ने इस रील को प्रतिबंधित करते हुए यह मैसेज दिया:
"हमें इस कंटेंट को प्रतिबंधित करने के लिए एक कानूनी अनुरोध मिला है।"
इस रील में मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) से जुड़ी कार्यवाही के दौरान सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में ECI का पक्ष बताया गया था। इस वीडियो का उद्देश्य चल रही कानूनी कार्यवाही में चुनाव आयोग का पक्ष स्पष्ट करना था। गौरतलब है कि वीडियो में कोई आलोचनात्मक टिप्पणी नहीं की गई।
हाालंकि, यही वीडियो यूट्यूब पर अभी भी उपलब्ध है।

