BREAKING| सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की अंतरिम जमानत पर रोक लगाने की ED की अर्जी ठुकराई, कल सुनवाई के लिए सहमत
Shahadat
18 Nov 2026 12:00 PM IST

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा आजम खान को दी गई अंतरिम जमानत को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) एस.वी. राजू ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्य कांत के समक्ष मौखिक रूप से इस मामले का जिक्र किया और आज ही तत्काल सुनवाई की मांग की। ASG ने हाई कोर्ट की इस शुरुआती टिप्पणी पर आपत्ति जताई कि गिरफ्तारी 'दुर्भावनापूर्ण' (Malafide) थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या संबंधित अधिकारी को पक्ष बनाए बिना ऐसी टिप्पणी की जा सकती है?
ASG ने कहा,
"यह आदेश जल्दबाजी में पारित किया गया। हमें पूरा जवाब दाखिल करने का समय भी नहीं मिला। यह सुनवाई के पहले ही दिन हो गया।"
उन्होंने आगे कहा कि यह अंतरिम आदेश एक अंतिम आदेश की तरह था। उन्होंने दावा किया कि आजम खान को गिरफ्तारी के आधार बताने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
CJI सूर्य कांत ने जब मामले को कल (गुरुवार) सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई तो राजू ने 'यथास्थिति' (status quo) बनाए रखने का आदेश मांगा और कहा, "वरना वह बाहर आ जाएंगे।"
हालांकि, पीठ ने यथास्थिति बनाए रखने की इस मौखिक मांग को खारिज कर दिया।
जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा,
"कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा, उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दें।"
ED ने खान को 31 अक्टूबर को जेल के ठीक बाहर उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह एक अन्य मामले (दो पैन कार्ड वाला मामला) में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ रहे थे। खान ने अपनी गिरफ्तारी को इस आधार पर चुनौती दी कि इसे अनिवार्य प्रक्रिया का पालन किए बिना अंजाम दिया गया।
हाईकोर्ट ने पाया कि गिरफ्तारी करते समय ED ने अनुच्छेद 22(1) के प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया था। कोर्ट ने शुरुआती तौर पर माना कि यह कार्रवाई "दुर्भावनापूर्ण" (mala fide) और "पूर्वाग्रह से प्रेरित" (Motivated) लगती है।

