बच्चे कहां खेलेंगे: राजस्थान हाईकोर्ट ने शहर के इकलौते मैदान में पानी की टंकी निर्माण पर लगाई रोक
Amir Ahmad
13 May 2026 12:18 PM IST

राजस्थान हाईकोर्ट ने गायक कैट स्टीवंस के मशहूर गीत की पंक्ति “वेयर डू द चिल्ड्रेन प्ले?” का उल्लेख करते हुए हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा कस्बे के इकलौते खेल मैदान में ओवरहेड पानी की टंकी के निर्माण पर रोक लगाई।
जस्टिस अरुण मोंगा और जस्टिस संदीप शाह की खंडपीठ ने कहा कि राज्य सरकार ने टंकी निर्माण के लिए किसी वैकल्पिक स्थान की तलाश करने का गंभीर प्रयास नहीं किया।
अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिया कि सक्षम अधिकारी शपथपत्र दाखिल कर बताए कि क्या वास्तव में खेल मैदान ही इस परियोजना के लिए एकमात्र उपयुक्त स्थान है।
सुनवाई के दौरान प्रतिवादियों की ओर से दलील दी गई कि प्रस्तावित पानी की टंकी केवल 50 गुणा 50 फीट क्षेत्र में बनाई जानी है, जबकि पूरा खेल मैदान 350 गुणा 650 फीट का है। यह भी कहा गया कि पूरे शहर में टंकी निर्माण के लिए यही एकमात्र उपलब्ध जगह है।
हाईकोर्ट ने इन दलीलों को सामान्य समझ के विपरीत और बेहद अविश्वसनीय करार दिया।
अदालत ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही होगी और पूरा क्षेत्र सक्रिय निर्माण स्थल में बदल जाएगा, जिससे बच्चों के खेलकूद पर गंभीर असर पड़ेगा।
अदालत ने कहा,
“निर्माण अवधि के दौरान खेल मैदान पूरी तरह उपयोग के लायक नहीं रहेगा। इसके अलावा, निर्माण कार्य बच्चों के लिए बाधा बनेगा और उनकी सुरक्षा व स्वास्थ्य को भी खतरे में डालेगा।”
इन टिप्पणियों के साथ अदालत ने फिलहाल राज्य सरकार की दलीलों से असंतोष जताते हुए मामले में यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया।
हाईकोर्ट ने कहा,
“कस्बे के निवासियों के लिए मौजूद एकमात्र खेल मैदान को बिना पर्याप्त कारण बताए इस निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान मान लिया गया। यदि यही सत्य है तो सक्षम अधिकारी शपथपत्र देकर इसकी पुष्टि करें।”
मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई, 2026 को होगी। तब तक अदालत ने खेल मैदान की वर्तमान स्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया।

