काला हिरण अभी रिलीज के लिए तैयार नहीं, सेंसर बोर्ड से प्रमाणपत्र भी नहीं मिला: निर्माता ने दिल्ली हाईकोर्ट में कहा
Amir Ahmad
10 Sept 2026 12:29 PM IST

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की 1998 के काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी' फिलहाल रिलीज के लिए तैयार नहीं है। फिल्म के निर्माता ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि फिल्म की सामग्री को अभी सेंसर बोर्ड से प्रमाणित नहीं किया गया।
जस्टिस ज्योति सिंह की पीठ सलमान खान की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई। सुनवाई के दौरान निर्माता की ओर से पेश वकील ने कहा कि फिल्म अभी ऐसी स्थिति में नहीं है कि उसे रिलीज किया जा सके।
कोर्ट ने आदेश में निर्माता के वकील के बयान को रिकॉर्ड पर लेते हुए कहा,
“वकील ने निर्देशों के आधार पर बताया कि प्रतिवादी संख्या-1 की फिल्म इस स्तर पर रिलीज के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि इसकी सामग्री को अभी सेंसर बोर्ड से प्रमाणित किया जाना बाकी है।”
पीठ ने मामले में जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया और सलमान खान को उसके बाद प्रत्युत्तर दाखिल करने का निर्देश दिया।
मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को होगी।
सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से सीनियर वकील रवि प्रकाश ने कहा कि निर्माता खुद सितंबर में फिल्म रिलीज किए जाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर फिल्म रिलीज हो जाती है तो इससे अभिनेता को “बहुत नुकसान” होगा।
कोर्ट ने फिल्म के निर्माता की ओर से पेश वकील अमित जानी से फिल्म की प्रस्तावित रिलीज तारीख पूछी। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें निर्देश लेने होंगे। वकील ने याचिका और कोर्ट के अधिकार क्षेत्र पर भी आपत्ति जताई।
जब कोर्ट ने दोबारा रिलीज की तारीख पूछी तो वकील ने कहा कि फिलहाल उनके पास इस संबंध में कोई निर्देश नहीं हैं। इस पर कोर्ट ने कहा कि वह उनकी उपस्थिति रिकॉर्ड करेगी और सोमवार को रिलीज की तारीख को लेकर निर्देश लेकर आने को कहेगी। कोर्ट ने मौखिक रूप से यह भी कहा कि तब तक फिल्म रिलीज नहीं की जाएगी।
इसके बाद निर्माता के वकील ने कहा कि फिलहाल फिल्म रिलीज करने की स्थिति में ही नहीं है। इस पर कोर्ट ने निर्माता की ओर से दिए गए बयान को रिकॉर्ड कर लिया।
हालांकि, सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से यह भी कहा गया कि फिल्म को ओटीटी पर रिलीज करने के लिए सेंसर बोर्ड के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं होती। कोर्ट ने इस दलील को भी अपने रिकॉर्ड में दर्ज किया।
सलमान खान ने इससे पहले विभिन्न अज्ञात पक्षों के खिलाफ लंबित व्यक्तित्व अधिकार संबंधी मुकदमे में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की। जुलाई में हाईकोर्ट ने फिल्म के टीजर से जुड़े कई लिंक हटाने का निर्देश दिया।
पिछले साल भी एक्टर के व्यक्तित्व अधिकार संबंधी मुकदमे की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने उनकी तस्वीर और शक्ल-सूरत का अनधिकृत रूप से इस्तेमाल कर बनाए गए सामान की बिक्री पर रोक लगाई थी।


