एक बार प्रतिष्ठा चली जाए तो वापस नहीं आती: सलमान खान से जुड़े काला हिरण फिल्म के टीजर हटाने का दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश
Amir Ahmad
27 July 2026 12:37 PM IST

दिल्ली हाईकोर्ट ने एक्टर सलमान खान से जुड़े कथित रूप से प्रेरित फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' के टीजर और उससे संबंधित विभिन्न ऑनलाइन लिंक हटाने का निर्देश दिया।
कोर्ट ने फिल्म के निर्माता अमित जानी के इंटरव्यू को भी इंटरनेट से हटाने का आदेश देने की बात कही।
जस्टिस ज्योति सिंह ने सुनवाई के दौरान निर्माता के तर्कों से असहमति जताते हुए कहा कि इस मामले में कड़ी टिप्पणियों के साथ आदेश पारित किया जाएगा।
कोर्ट ने कहा,
"एक बार प्रतिष्ठा चली जाए तो वापस नहीं आती।"
सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि फिल्म के जरिए एक्टर को काले हिरण शिकार मामले से जोड़ा जा रहा है और "अब यह सब बंद होना चाहिए।"
यह मामला सलमान खान द्वारा दायर उस मुकदमे से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने अपने व्यक्तित्व अधिकारों (पर्सनैलिटी राइट्स) की सुरक्षा की मांग की। एक्टर का आरोप है कि प्रस्तावित फिल्म उनकी पहचान और छवि का बिना अनुमति उपयोग कर रही है तथा उनके बारे में गलत और भ्रामक संदेश दे रही है।
याचिका के अनुसार फिल्म के प्रचार सामग्री में एक ऐसे व्यक्ति को दिखाया गया,जिसकी शक्ल-सूरत सलमान खान से मिलती-जुलती है और जिसने एक्टर का प्रसिद्ध नीला ब्रेसलेट पहन रखा है जो जनता के बीच उनकी पहचान का प्रमुख हिस्सा माना जाता है।
सलमान खान का यह भी कहना है कि फिल्म के एक पोस्टर में उस हमशक्ल को बंदूक के साथ दिखाया गया है, जिससे वास्तविक घटनाओं के बारे में गलत धारणा बन सकती है।
याचिका में कहा गया कि यह चित्रण विशेष रूप से आपत्तिजनक है क्योंकि शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले में सलमान खान पहले ही बरी हो चुके हैं। ऐसे में फिल्म का प्रचार लोगों को न्यायिक रिकॉर्ड के विपरीत संदेश दे सकता है।
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट संकेत दिए कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा और व्यक्तित्व अधिकारों का इस प्रकार व्यावसायिक उपयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मामले में आगे की सुनवाई के साथ विस्तृत आदेश जारी किया जाएगा।


