CJP संसद मार्च में पुलिस कार्रवाई के आरोपों पर आज होगी सुनवाई: दिल्ली हाईकोर्ट ने जनहित याचिका तत्काल सूचीबद्ध की
Amir Ahmad
22 July 2026 12:58 PM IST

दिल्ली हाईकोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 20 जुलाई को आयोजित संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस द्वारा कथित अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों से जुड़ी जनहित याचिका पर आज ही सुनवाई करने पर सहमति जताई।
मामले का उल्लेख एक वकील ने चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की खंडपीठ के समक्ष किया।
याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि यह घटना पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर देने वाली है। इस पर हाईकोर्ट ने मामले को आज ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की अनुमति दी।
गौरतलब है कि एक दिन पहले इसी तरह की याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए हाईकोर्ट ने मौखिक रूप से कहा था,
"हर मामले में अदालत को मत घसीटिए। मामला कल आएगा।"
उधर दिल्ली पुलिस के अनुसार संसद मार्च के दौरान हुई कथित हिंसा, पथराव और तोड़फोड़ के संबंध में अब तक कम से कम नौ FIR दर्ज की जा चुकी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले पार्लियामेंट स्ट्रीट, बाराखंभा रोड, कनॉट प्लेस सहित कई थानों में दर्ज किए गए हैं। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इन मामलों में दंगा, ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों पर हमला, सरकारी एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना तथा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान पर जानलेवा हमला जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
अब इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट आज याचिका पर सुनवाई करेगा।


