टॉय प्लेन, लेगो एयरप्लेन टिप्पणी: नोरा फतेही के खिलाफ 3 करोड़ की मानहानि का मुकदमा

Amir Ahmad

8 Sept 2026 4:57 PM IST

  • टॉय प्लेन, लेगो एयरप्लेन टिप्पणी: नोरा फतेही के खिलाफ 3 करोड़ की मानहानि का मुकदमा

    बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही के खिलाफ विमानन कंपनी ने मानहानि का मुकदमा दायर किया। कंपनी का आरोप है कि एक्ट्रेस ने उसके चार्टर्ड विमान को लेकर टॉय प्लेन, लेगो एयरप्लेनऔर मिनीएचर जैसी टिप्पणियां कर कंपनी की प्रतिष्ठा और कारोबारी साख को नुकसान पहुंचाया। कंपनी ने इसके लिए 3 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की।

    PTI की रिपोर्ट के अनुसार ड्यून्स एविएशन ने गुजरात की अदालत में दायर मुकदमे में आरोप लगाया कि नोरा फतेही ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान कंपनी के सेसना साइटेशन सीजे2 विमान के अंदर वीडियो बनाए। इन वीडियो में उन्होंने विमान को छोटा या मिनीएचर बताते हुए उसे टॉयऔर लेगो एयरप्लेन कहा था। बाद में इन वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया।

    कंपनी का कहना है कि एक्ट्रेस की टिप्पणियां गैर-जिम्मेदाराना और बिना किसी तकनीकी जानकारी तथ्यात्मक सत्यापन या ठोस आधार के की गईं। कंपनी ने अदालत के समक्ष दावा किया कि एक्ट्रेस के बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होने के कारण उनकी टिप्पणियों का व्यापक प्रभाव पड़ा और इससे कंपनी की प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा।

    याचिका में कंपनी ने आरोप लगाया कि इन टिप्पणियों से उसकी साख और व्यावसायिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई तथा कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। कंपनी का कहना है कि विमान के बारे में एक्ट्रेस की सार्वजनिक टिप्पणियों से उसके प्रति ग्राहकों और कारोबारी पक्षों की धारणा प्रभावित हो सकती है।

    अदालत की वेबसाइट के अनुसार मामले में अप्रैल में समन जारी किए जा चुके हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई गांधीनगर स्थित 12-7वें एडिशनल सीनियर सिविल जज एवं एडिशनल चीफ ज्युडिशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में 25 सितंबर को होगी।

    ड्यून्स एविएशन ने अदालत से एक्ट्रेस की कथित टिप्पणियों के कारण हुए प्रतिष्ठा और कारोबारी नुकसान के लिए 3 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की।

    फिलहाल मानहानि के ये आरोप याचिकाकर्ता कंपनी की ओर से लगाए गए हैं और मामले में अदालत को आगे दोनों पक्षों की दलीलें सुननी हैं।

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story