पश्चिम बंगाल SIR सूची में हुई चूक में किया गया सुधार, पूर्व जस्टिस शाहिदुल्लाह मुंशी का जुड़ा नाम

Amir Ahmad

28 March 2026 12:23 PM IST

  • पश्चिम बंगाल SIR सूची में हुई चूक में किया गया सुधार, पूर्व जस्टिस शाहिदुल्लाह मुंशी का जुड़ा नाम

    भारतीय चुनाव आयोग (ECI) द्वारा पश्चिम बंगाल में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत पूर्व जस्टिस शाहिदुल्लाह मुंशी और उनके परिवार के नाम अब पूरक सूची में शामिल कर लिए गए।

    यह घटनाक्रम उस समय सामने आया, जब हाल ही में उन्होंने अपनी और अपने परिवार के नाम प्रारंभिक सूची में शामिल न होने पर आपत्ति जताई, जबकि उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए और सत्यापन प्रक्रिया में भाग भी लिया।

    27 मार्च, 2026 की पूरक सूची में उनके नाम को शामिल किया गया, जो 28 फरवरी 2026 को जारी प्रारंभिक सूची में छूट गया। इस संशोधन के बाद अब उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो गया।

    जस्टिस मुंशी वर्ष 2013 में कलकत्ता हाईकोर्ट के जस्टिस बने थे और करीब सात वर्षों तक सेवा देने के बाद सितंबर 2020 में रिटायर हुए। वर्तमान में वह पश्चिम बंगाल औकाफ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

    इस पूरे मामले के बीच सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही निर्देश दिया था कि SIR प्रक्रिया में नामों के बहिष्कार से जुड़े विवादों के समाधान के लिए पूर्व हाईकोर्ट जस्टिसों की अध्यक्षता में अपीलीय न्यायाधिकरण गठित किए जाएं।

    यह मामला चुनावी सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठे सवालों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    Next Story