बंगाल चुनाव के बाद हिंसा पर हाईकोर्ट में जनहित याचिका, न्यू मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई पर जांच की मांग
Amir Ahmad
8 May 2026 12:19 PM IST

कलकत्ता हाईकोर्ट में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद कथित चुनाव बाद हिंसा को लेकर जनहित याचिका दायर की गई। याचिका में हॉग मार्केट और न्यू मार्केट इलाके में हुई कथित तोड़फोड़ तथा बुलडोजर कार्रवाई पर अदालत से हस्तक्षेप की मांग की गई।
याचिका में आरोप लगाया गया कि मतगणना वाले दिन रात में हॉग मार्केट के पास फुटपाथ दुकानदारों के अस्थायी ढांचों को कुछ लोगों ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। दावा किया गया कि ये लोग भाजपा के झंडे लिए हुए थे और घटना के दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे।
याचिकाकर्ता ने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश देने की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने हिंसा और तोड़फोड़ रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
मामले का उल्लेख खंडपीठ के समक्ष किया गया, जिसने याचिका को औपचारिक रूप से दाखिल करने की अनुमति दी।
याचिका के अनुसार चुनाव परिणाम आने के बाद कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में तनाव फैल गया। इसमें सड़क किनारे दुकानों और तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप लगाए गए।
याचिका में कहा गया कि इलाके में पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद बुलडोजर तांडव हुआ।
इसके अलावा, जनहित याचिका में राज्य के विभिन्न हिस्सों में कथित चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं पर भी हाईकोर्ट से व्यापक हस्तक्षेप की मांग की गई। याचिकाकर्ता ने अदालत से राजनीतिक दलों के दफ्तरों पर हमलों और तोड़फोड़ की घटनाओं का संज्ञान लेने का आग्रह किया।
इसी बीच, मुर्शिदाबाद में कथित बड़े पैमाने पर चुनाव बाद हिंसा को लेकर हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाली 'आम जनता उन्नयन पार्टी' की ओर से भी अलग याचिका दाखिल की गई।
याचिका में व्लादिमीर लेनिन की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना का भी उल्लेख किया गया।

